Wednesday 10 August 2011

प्रकाश झा : दामुल से आरक्षण तक ~~ जयप्रकाश चौकसे

प्रकाश झा की ‘आरक्षण’ के प्रदर्शन में रुकावट नहीं डाली जानी चाहिए, क्योंकि समाज के जख्मों को छुपाना नहीं, वरन उजागर करना चाहिए। आरक्षण और जातिवाद लगभग उतने ही खतरनाक हैं, जितने आतंकी हमले। कोई भी फिल्मकार पूरी तरह से निर्भीक होकर समस्या को गहराई के साथ प्रस्तुत नहीं कर सकता, क्योंकि आरक्षण के पक्ष और विपक्ष में बहुत उग्र विचार हैं और सदियों पुराने पूर्वग्रह भी हैं।

इस मानवीय समस्या का राजनीतिकरण दुर्भाग्यपूर्ण रहा है। आज भी समाज अपने अंधविश्वास और पूर्वग्रह पर अडिग है। वर्ष 20क्७-क्8 में बाईस दलित छात्रों का आईआईटी के विभिन्न संस्थानों में दाखिला हुआ, जिनमें से अठारह ने आत्महत्या कर ली और केवल तीन के मृत शरीर के पास आत्महत्या के कारण का लिखित ब्योरा मिला, जिसके अनुसार छात्रावास और कक्षाओं में उनके साथ भेदभाव हुआ और उन्हें इतना अपमानित किया गया कि उन्होंने आत्महत्या की।

जांच-पड़ताल करने वाले अफसरों का विश्वास है कि अन्य पंद्रह के पत्र नष्ट कर दिए गए हैं। अनेक प्रतिभाशाली सवर्ण छात्रों ने भी अवसरों की कमी के कारण आत्महत्या की। भ्रष्टाचार में आकंठ डूबी सरकारें अवसर कैसे बनाएं, युवा राष्ट्रीय ऊर्जा के अपव्यय को कैसे रोकें? हमारे सामाजिक जीवन का कोई भी पक्ष भ्रष्टाचार से अछूता नहीं है। प्रकाशकों को संस्थागत वाचनालयों में किताबें बेचने के लिए मूल्य का चालीस प्रतिशत रिश्वत में देना पड़ता है, इसीलिए वे एक रुपए के माल का मूल्य दो रुपए रखते हैं, जिसका सीधा प्रभाव आम आदमी की किताब खरीदने की क्षमता पर पड़ता है। जिस देश में ज्ञान माध्यम में भी भ्रष्टाचार आ जाए, उस देश में सरस्वती कैसे टिक सकती है।

शिक्षण संस्थाओं के व्यापार पक्ष पर ही प्रकाश झा ने फिल्म में बल दिया है। यह सजग फिल्मकार जानता है कि समस्या का सतही रूप या उसकी उपशाखा पर ही फिल्म बनाई जा सकती है और ऐसे प्रयास में रुकावटों से निपटना कठिन हो जाता है। दरअसल प्रकाश झा ने ‘दामुल’, ‘परिणति’, ‘मृत्युदंड’, ‘अपहरण’ और ‘गंगाजल’ जैसी फिल्मों में समस्याओं की गहराई में जाने का सार्थक प्रयास किया है और ये पांचों ही महान फिल्में हैं। इनके प्रस्तुतीकरण में उन्होंने कहीं भी पलक नहीं झपकाई और अडिग रूप से नजर मिलाते रहे। उसी दौर में प्रकाश झा ने सिनेमा व्यवसाय के बदलते हुए स्वरूप को देखा।

उन्होंने महसूस किया कि अपनी बात कहने के लिए सितारों की आवश्यकता है, ताकि विचार अधिकतम लोगों तक पहुंचें। ‘दामुल’ जैसी महान फिल्म को बमुश्किल चंद हजार दर्शकों ने देखा। उन्होंने अजय देवगन, माधुरी दीक्षित, मनोज वाजपेयी, नाना पाटेकर और ओमपुरी जैसे सशक्त अभिनेताओं के साथ फिल्में कीं, जिन्हें लाखों दर्शकों ने देखा और इन अभिनेताओं ने प्रकाश झा से बहुत कम मेहनताना लिया।

इस दौर तक प्रकाश झा फिल्म निर्माण के बढ़ते हुए दाम, मल्टीप्लैक्स के महंगे टिकट और पूंजी पर खतरे का अनुमान लगा चुके थे। अत: उन्होंने अपने विश्वसनीय और सहयोग देने वाले अजय देवगन, नाना पाटेकर इत्यादि के साथ उभरते हुए रणबीर कपूर और सुरक्षित कैटरीना कैफ को जोड़कर भव्य बजट की ‘राजनीति’ बनाई। बड़े बजट के बावजूद पूंजी पर खतरा न्यूनतम रह गया, क्योंकि इन सितारों को प्रारंभिक भीड़ मिलती है। ‘राजनीति’ सफल रही। इसी मोड़ पर प्रकाश झा के सिनेमा में बड़ा परिवर्तन आया। उन्होंने तय किया कि समस्या का सतही रूप प्रस्तुत करें, ताकि अधिकतम दर्शक को मानसिक अपच न हो जाए।

‘दामुल’ से ‘अपहरण’ तक के फिल्मकार ने मजबूर होकर पलक झपकाने का निश्चय किया। पहली बार उन्होंने मार्केटिंग और प्रचार की रणनीति बनाई। अब तक की यात्रा में उन्होंने इन बैसाखियों को नकारा था, भले ही यात्रा में पैर लहूलुहान हुए। फिल्म बनते समय प्रचार संकेत था कि सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर फिल्म बन रही है, परंतु प्रदर्शन पूर्व प्रचार लहर चलाई कि गांधी परिवार नहीं पांडव परिवार की महाभारत पर फिल्म बनी है। यह सच्चई इतनी सफाई से छुप गई कि फिल्म पर ‘गॉडफादर’ का गहरा प्रभाव है और राजनीति का सतही लोकप्रिय स्वरूप सामने आया है।

‘राजनीति’ ओलिवर स्टोन की फिल्मों की तरह यथार्थपरक नहीं है। आज स्थिति यह है कि हरेक सितारा प्रकाश झा के साथ काम करना चाहता है। यह बिहारी फिल्मकार अब दुनियादार हो गया है। सयाना हो गया है। व्यवसाय का यही मर्म गोविंद निहलानी और श्याम बेनेगल नहीं समझ पाए। अत: ‘आरक्षण’ निरापद ही हो सकती है।

No comments:

Post a Comment